उत्तर प्रदेश(बड़ौत): बागपत जिले के कोतवाली बड़ाैत में कोरोना पॉजिटिव के तीन मामले सामने आने के बाद एक बार फिर बागपत में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में 21 हो गई है, जबकि 14 ठीक हो चुके हैं. इसके बाद से प्रशासन ने बड़ौत में सख्ती शुरू कर दी. शनिवार को ड्रग विभाग ने मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की और प्रशासन ने उन स्थानों को सील कर दिया जहां कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे या काम कर रहे थे.
गुरुवार की देर रात करीब साढ़े नौ बजे आई रिपोर्ट में बड़ौत कस्बा के तीन लोगों को कोरोना पॉजिटिव हो जाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने हरकत में आ गए और बड़ौत में लॉकडाउन में दी गई छूट को वापस लेते हुए सभी दुकानें बंद करने के निर्देश दे दिए गए हैं.
इसके साथ ही शनिवार को मेडिकल स्टोरों पर भी स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर वैभव बब्बर व कोतवाल अजय शर्मा ने मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई की. कई मेडिकल स्टोरों पर अनियमितता मिलने के बाद मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस थमाया गया है. लॉकडाउन तक मेडिकल स्टोर बंद रखने के निर्देश दे दिए गए हैं.
अनियमितता मिलने पर कुछ मेडिकल स्टोर संचालकों को चेतावनी दे कर छोड़ दिया गया. बड़ौत के रेड जोन एरिया सुभाष नगर पट्टी व बड़ौली रोड के आसपास के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी दुकानों को भी बंद कर दिया गया है. लैब टेक्नीशियन के परिवार के लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ जाने के बाद बड़ौत के बड़ौली रोड स्थित सुभाष नगर कॉलोनी को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई थी.

