राजस्थान: नागौर के बंजारा बस्ती में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. बता दें कि यहां एक पिता ने अपनी तीन संतानों को जान से मार दिया है. हालांकि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को कब्जे में ले लिया. फिलहाल पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है.
वहीं आरोपी हत्यारा पिता मौके से फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है.
बताया जा रहा है कि शराब पीने का आदी नाथूराम बंजारा ने अपने ही घर में पुत्रियों सीमा व मनीषा के साथ पुत्र विशाल की फांसी का फंदा लगाकर हत्या कर दी और हत्या के बाद मौके से फरार हो गया.
बता दें कि इस घटना का तब पता चला जब आरोपी की मां और पत्नी मजदूरी कर देर शाम को वापस घर लौटी. जिसके बाद परिवार के तीनों मासूमों को मृत देखकर दोनों के होश उड़ गए. फिर आरोपी की पत्नी व मां की चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग जमा हो गए.
हालांकि सूचना मिलने के बाद लाडनूं पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में फरार नाथूराम की तलाश के लिए टीमें गठित की है.

