नई दिल्ली: दिल्ली में एक युवक नशे में इस कदर चूर हो गया कि उसने कुतुबमीनार की दीवार पर ही गाड़ी चढ़ा दी.
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात तकरीबन 3:30 बजे नशे में धुत कार सवार ने कुतुब मीनार की बाउंड्री में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार में आग लग गई. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के कर्मचारियों ने जब तेज आवाज सुनी तो वह घटनास्थल पर पहुंचे. चालक को बाहर निकाला तो वह नशें में पूरी तरह धुत मिला.
चालक का नाम अरूण चौहान बताया जा रहा है जिसने तेज गति में अपनी हुंडई वरना कार को ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण इमारत कुतुबमीनार की दीवार में चढ़ा दी. कुतुब मीनार की बाउंड्री को भी काफी नुकसान पहुंचा है.
आर्किलोजिकल सर्वे ऑफ इंडिया ने इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए दिल्ली पुलिस को चिट्ठी लिख कर कहा कि दीवार में हुये नुकसान की भरपाई आरोपी ड्राइवर से करवाई जाए. कार की टक्कर से ऐतिहासिक दीवार को 50 मीटर तक नुकसान हुआ है.

