खूंटी: खूंटी जिले के नगर भवन सभागार में आज जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखण्डों से सैकड़ों की संख्या में सहिया बहनें शामिल थी. स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली सहिया बहनों को ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया.
बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि खूंटी जिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है. देश की आजादी के 65 साल बाद तक भी लोग अंधविश्वास में जीते थे और अस्पताल कम पहुंचते थे. सहिया बहनों ने गांव गांव से गर्भवती महिलाओं का रजिस्ट्रेशन करना आरंभ किया. विटामिन, आयरन की गोलियां सदर अस्पताल के माध्यम से महिलाओं को मुहैया करायी गयी. आज के समय में सुदूर ग्रामीण जंगल पहाड़ों से भी गर्भवती महिलाएं सहिया दीदियों के माध्यम से अस्पताल पहुंचकर सुरक्षित प्रसव करवाती है.
सरकार भी लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है. खूंटी जिला आकांक्षी जिलों में पोषण के क्षेत्र में कार्यक्रम चलाने में देश में पहले पायदान में अपनी जगह बना चुका है. पूर्व में प्रसवकाल में मृत्यु दर बढ़ जाती थी लेकिन सहिया दीदियों के माध्यम से अब सरकारी अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराने से जननी और शिशु मृत्यु दर में कमी आयी है, यह सहिया दीदियों के लिए और खूंटी जिले के लिए गर्व की बात है.

