पोहरी: पोहरी-श्योपुर रोड पर देदेह गांव के पास सड़क हादसे में एक किशोर की जान चली गई है. कराहल निवासी तीन किशोर बाइक से पोहरी के लिए किसी काम से निकले थे. घटना के बाद अन्य दोनों दोस्त मौके से भाग गए. पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है .
जानकारी के मुताबिक, मृतक अमन राठौर ( 17 ) पुत्र रमेश राठौर निवासी कराहल जिला श्योपुर अपने दो दोस्त राहुल कुशवाह और आदिल खान उर्फ अब्बा के साथ बाइक से पोहरी की तरफ आ रहे थे. श्योपुर पोहरी रोड पर देदेह गांव के पास डंपर क्रमांक एमपी 07 एचबी 4438 ने बाइक को टक्कर मार दी .
हादसे में अमन राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया. अमन को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अमन की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त घर से बाइक लेकर पोहरी किसी काम के लिये जा रहे थे.

