रांची: कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन द्वारा पूरे जिलाभर में लॉकडाउन की घोषणा के साथ ही धारा 144 लागू कर दी गई है. इस दौरान लोगों को किसी भी तरह की परेशानी ना हो, सभी आवश्यक सेवाएं जारी रहें इस पर पहल करते हुए रांची जिला प्रशासन द्वारा ई-पास सेवा की शुरुआत की गई है. इसके लिए एक एप्प भी जारी किया गया है. इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है और जरूरी वाहन पास के लिए आवेदन किया जा सकता है. जिसके पश्चात संबंधित पदाधिकारी द्वारा वहीं ऑनलाइन अप्रूवल देकर पास जारी कर दिया जाएगा.
Also Read This: सीनियर सिटीजन की सहायता हेतु जिला प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
कौन कर सकता है पास के लिए आवेदन
पास आवेदन का अप्रूवल सिर्फ उन्हीं लोगों को दिया जाएगा जो या तो आवश्यक सेवा में हैं या फिर किसी आपातकालीन सेवा में हैं. अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग-अलग रंगों का पास जारी किया जाएगा. पास आवेदन के लिए इंडस्ट्री/मैन्यूफेक्चर, डोर टू डोर, होलसेल/रिटेल, निजी क्षेत्र, आवश्यक सरकारी सेवा, मेडिकल सेवा एवं अन्य आपातकालीन जरूरत के लिए लोग योग्य हैं.
कैसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए कोई जरूरतमंद पहले गूगल प्ले स्टोर के जरिए एप डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए गूगल प्ले स्टोर में जाकर ‘Pragyaam’ सर्च कर सकते हैं. इसके बाद ‘Grid by Pragyam’ सर्च रिजल्ट में दिखाई देगा. इसे अपने फोन में डाउनलोड करें. इसके बाद एप को खोल कर झारखंड ई पास पर क्लिक करें. इसके साथ ही लॉगइन डिटेल भर कर एप में लॉगइन किया जा सकता है. इसके बाद ‘व्हीकल ई पास’ पर क्लिक करें. दाहिनी ओर दिख रहे नीले रंग के + बटन पर क्लिक करें. पूरे फॉर्म को भरें. ओटीपी भरें. इसके बाद आपके पास SMS के जरिए आपको आपका पास लिंक भेज दिया जाएगा. यह पास ई फॉर्मेट में वैलिड है. इसके साथ आपको अपना एक वैलिड आईडी कार्ड भी दिखाना होगा.
कैसे करेंगे अधिकारी जांच
जांच के दौरान आप या तो पास का प्रिंट आउट या ई-पास दिखा सकते हैं. इसके बाद आपसे आईडी कार्ड मांगा जाएगा. आईडी कार्ड के बाद, आपके ई-पास नम्बर को जांचकर्ता अधिकारी संबंधित एप्प के जरिए आपके पास नंबर का मिलान करेंगे. इसमें पास धारक का नाम और मोबाइल नंबर का मिलान किया जाएगा. किसी भी तरह की अनियमितता या फेक पास दिखाने पर आपके खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
पास अप्रूवल हेतु विभिन्न जिला स्तरीय पदधिकारियों को अलग-अलग केटेगरी में पास अप्रूवल की कमान सौंपी गई है. उपायुक्त रांची राय महिमापत रे ने कहा कि, “आमजनों को हर संभव हर जरूरी सामान उपलब्ध कराने हेतु ई-पास सिस्टम जारी किया गया है. इसके तहत एसेंशियल सेवा में लगी गाड़ियों जैसे, राशन का सामान लाने ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहन, दवाइयां पहुंचाने वाले वाहन, मेडिकल सेवा सहित अन्य जरूरी सेवाओं में लगी वाहनों के लिए इस एप के जरिए पास जारी किया जाएगा.”

