एक तरफ देश बाढ़ से त्रस्त है वहीं दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भूकंप के झटके महसूस किये गए हैं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5 मापी गई है। अभी तक किसी भी तरह के जान-माल की हानि की सूचना नहीं है। करीब 12 बजकर 10 मिनट पर उस समय लोगों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया, जब जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों और हिमाचल प्रदेश के चंबा में भूकंप के झटके लगे। लोगों में तुरंत ही अफरा-तफरी मच गई, लोग अपना घर छोड़ कर बाहर निकल आए। डर का आलम यह था कि भूकंप के झटके खत्म होने के बाद भी लोग अपने घरों में जान से घबरा रहे थे।
हिमाचल प्रदेश के पांगी, चंबा व कांगड़ा सहित लाहुल-स्पीति जिले में भी लोगों को भूकंप के झटके महसूस हुए। रविवार को भी भूकंप के झटके महसूस किए गये थे, जिनकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.9 दर्ज की गई थी। रविवार को इसका केंद्र हिमाचल प्रदेश के भद्रवाह के पास दर्ज किया गया था।

