नई दिल्ली:- न्यूजीलैंड में तेज गति के भूकंप के झटके के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है. रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.3 मापी गई है. यह भूकंप पूर्वी न्यूजीलैंड के उत्तरी आइलैंड के पास शुक्रवार को आया, जिसके बाद सुनामी पर नजर रखने वाली संस्था प्रशांत सुनामी वॉर्निंग सेंटर (पीटीडब्ल्यूसी) ने इस बारे में अलर्ट जारी किया.
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वे पहले भूकंप की तीव्रता 7.3 बताई थी, जिसे बाद में कम करके 6.9 कर दिया गया. संस्था ने बताया कि भूकंप का केंद्र धरती के 10 किलोमीटर (6 मील) की गहराई में था. पीटीडब्ल्यूसी ने बाद में कहा कि भूकंप के केंद्र से 300 किमी के दायरे में सुनामी आने की संभावना है.
इससे एक दिन पहले 3 मार्च (बुधवार) को मध्य यूनान में भी 6.2 तीव्रता वाले भूकंप का झटके महसूस किए गए थे. यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र के अनुसार, बुधवार को दोपहर सवा बारह बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर) के तत्काल बाद आए इस भूकंप का केंद्र लारिसा शहर के पश्चिम-उत्तर पश्चिम में 22 किलोमीटर दूरी पर था.
भूकंप के झटके पड़ोसी उत्तर मैसेडोनिया, कोसोवो और मोंटेनेग्रो की राजधानियों में भी महसूस किए गए थे. इसके पश्चात भूकंप बाद के कई झटके महसूस किए गए.

