प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को शिवसेना सांसद संजय राउत पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके फ्लैट और प्लॉट कुर्क कर लिए. प्रवर्तन निदेशालय ने कहा कि उसने 1,034 करोड़ रुपये के पात्रा चॉल भूमि घोटाला मामले में शिवसेना नेता संजय राउत की संपत्ति कुर्क की है.
प्रवर्तन निदेशालय ने 1,034 करोड़ रुपये के पात्रा चॉल भूमि घोटाला मामले में शिवसेना नेता संजय राउत के अलीबाग प्लॉट और दादर व मुंबई में एक-एक फ्लैट को कुर्क किया.इसके बाद संजय राउत ने कहा कि वे बाला साहब ठाकरे के अनुयायी और शिव सैनिक हैं. उन्हें सरकार गिराने के लिए कहा गया था. मैंने मना कर दिया तो यह सब किया गया. लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं. संजय ने आगे कहा कि मैं न तो विजय माल्या हूं और न ही नीरव मोदी. ऐसी कार्रवाई से मैं और शिवसेना झुकने वाली नहीं है.

