नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित रोज वैली चिटफंड घोटाले (Rose Valley chit fund scam) में केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी को बड़ी कामयाबी मिली है. ED ने करीब 70.11 करोड़ की कई चल और अचल संपत्तियों को अटैच किया है. कोलकाता के अकाउंट को सील किया गया है.
ED के सूत्रों के मुताबिक, IPL क्रिकेट मैच के दौरान काफी सुर्खियों में आए मैसर्स नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़े कई बैंक खातों को भी जब्त किया गया है. ED ने मुंबई स्थित दीलकप चैंबर्स के फ्लैट को भी सील किया है. ये कार्रवाई PMLA एक्ट के तहत की गई है. ये अटैच की गई सम्पत्ति रोज वैली ग्रुप कंपनी और उसके चेयरमैन गौतम कुंडू की है.
ED की तफ़्तीश में मैसर्स मल्टीपल रिसोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के बारे में भी काफी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं. पश्चिम बंगाल की स्थानीय पुलिस थानों में दर्ज मामलों को आधार बनाते हुए ED ने मामला दर्ज किया था. ED ने रोज वैली चिटफंड मामले से अवैध तरीके से अर्जित पैसों से लिए गए पश्चिम बंगाल में 24 एकड़ की प्रॉपर्टी अटैच की है. ये प्रॉपर्टी रामनगर, महिषदल, पुरबा मेदिनीपुर में स्थित है. बता दें कि ED की टीम 17,520 करोड़ रुपये के इस चिटफंड घोटाला मामले की जांच कर रही है.
रोज वैली घोटाले पर काफी वक्त से हड़कंप मचा हुआ है. इसमें कई बड़े नेताओं का नाम भी शामिल होने की बात सामने आ चुकी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक लोगों को बड़े-बड़े सपने दिखाकर चूना लगाने वाले इस समूह के पैर राजनीति, रियल एस्टेट और फिल्म जगत तक पसरे हुए थे. दरअसल, रोज वैली चिटफंड घोटाले में रोज वैली ग्रुप ने लोगों 2 अलग-अलग स्कीम का लालच दिया और करीब 1 लाख निवेशकों को करोड़ों का चूना लगा दिया था.

