मुंबई:- महाराष्ट्र में शिवसेना के बड़े नेता संजय राउत नई परेशानी में फंसते नजर आ रहे हैं. प्रवर्तन निदेशालय ने उनकी पत्नी वर्षा राउत पर शिकंजा कसा है. ईडी ने उनकी पत्नी वर्षा राउत को 29 दिसंबर को पेश होने के लिए कहा है. ईडी ने यह कार्रवाई पंजाब एंड महाराष्ट्र कॉपरेटिव बैंक फ्रॉड (pmc bank fraud) मामले में की है. हालांकि, ईडी इससे पहले भी वर्षा राउत को पेश होने के आदेश दे चुकी है. ed ने इससे पहले उन्हें 11 दिसंबर को पेश होने के लिए कहा था.
क्या है पीएमसी घोटाला
pmc bank ने अवैध तरीके से hdil ग्रुप को 6500 करोड़ रुपये लोन दिया था, जो सितंबर 2019 में बैंक के टोटल लोन बुक साइज 8880 करोड़ रुपये का का 73% था. मार्च, 2019 में बैंक का डिपोजिट बेस 11,617 करोड़ रुपये था. यह घोटाला उजागर होने के बाद pmc bank के पूर्व एमडी जॉय थॉमस और पूर्व चेयरमैन वरयाम सिंह को पिछले साल अक्टूबर में मुंबई की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग ने गिरफ्तार कर लिया था. इनके अलावा बैंक के और भी कई सीनियर अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था.
यह मामला सितंबर 2019 में सामने आया था. तब एक ‘व्हिसलब्लोअर’ की मदद से रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को यह जानकारी मिली थी कि बैंक एक रियल ऐस्टेट डेवलपर को रुपए देने के लिए नकली खातों का इस्तेमाल कर रहा है. गौरतलब है कि अधिकांश रूप से मध्यम और निम्न वर्ग के लोगों के खाते को संभालने वाले बैंक की 7 राज्यों में करीब 137 ब्रांच हैं.

