रांची : सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा है कि राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो निजी स्कूलों में फीस माफ कराने में तो फेल हो ही गए, अब उन्हें कम से कम अपने अधिकार क्षेत्र में आनेवाले सरकारी स्कूलों में लॉकडाउन अवधि की फीस माफ करने के साथ-साथ चालू माह में विभिन्न वर्गों में नामांकन के लिए जा रहे फीस को भी माफ कर देना चाहिए. इसके लिए वे स्वयं सक्षम है. उन्हें इस विषय पर किसी तरह की बैठक बुलाने की कोई आवश्यकता नहीं है. बस उन्हें एक पत्र निकालने का आदेश भर देना है. उन्होंने कहा कि पिछले कई माह से शिक्षा मंत्री निजी स्कूलों में फीस माफी कराने के लिए तोता रटन कर रहे थे। भले ही यह अब फुस हो चुका है, लेकिन शिक्षा मंत्री को अब सरकारी विद्यालयों में फीस माफ कर अपनी क्षमता भी जनसाधारण के बीच प्रदर्शित करना चाहिए। शिक्षा मंत्री इस बात को जानते और समझते होंगे कि सरकारी विद्यालयों में गरीब एवं मध्यम वर्ग के बच्चे पढ़ते हैं जिनकी मौजूदा लॉकडाउन में आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। शिक्षा मंत्री इस बात का भी ध्यान रखें कि राशि भले ही कम है लेकिन बेरोजगार हो चुके लोगों के लिए यही राशि पहाड़ जैसा है। यह राशि माफ करते हैं तो ऐसे लोगों के लिए एक राहत भरा निर्णय होगा। मौजूदा समय में जब प्रवासी श्रमिक अपने राज्य में लौट रहे हैं तो उनके बच्चे भी सरकारी स्कूल में ही नामांकन कराएंगे। इस लिहाज से शिक्षा मंत्री को स्वयं आगे आकर इस तरह का कदम उठाना चाहिए। साथ ही शिक्षा मंत्री को सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नियमित अध्ययन अध्यापन हो और शिक्षक गैर शिक्षण कार्य नहीं करें इसका भी उन्हें ध्यान रखना होगा.

