Ranchi: भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने कहा कि राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का बयान “सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वालों को ही सरकारी नौकरी मिलेगी” ,अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और असंवैधानिक है. राज्य के शिक्षा मंत्री से ऐसे गैर जिम्मेदाराना बयान की उम्मीद नहीं की जा सकती. वर्मा ने कहा कि हेमंत सरकार के मंत्री बेलगाम हो चुके है. नियमों को तोड़ना,उनका उल्लंघन करना ये सभी इनके व्यवहार में शामिल है.
उन्होंने कहा कि प्राइवेट विद्यालय भी सरकार से मान्यता प्राप्त होते है,सरकारी नियमों और निर्देशों का पालन करते है. इनके बच्चों के रिजल्ट भी सरकारी बोर्ड से ही निकलते हैं.
वर्मा ने कहा कि राज्य के लाखों बच्चे आज शिक्षा मंत्री के बयान से हतोत्साहित हुए है.
उन्होंने कहा कि यह सरकार बयानों से जनता का ध्यान भटकाना चाहती है. जबकि सरकार को शिक्षा व्यवस्था में सुधार को तेज करना चाहिए. भाजपा की पिछली सरकार ने पहली बार सभी विद्यालयों में बेंच डेस्क की उपलब्ध कराई,बिजली की व्यवस्था हुई,शिक्षकों की नियुक्ति हुई।इस व्यवस्था को आगे सुचारू ढंग से बढ़ाने की जरूरत है।राज्य सरकार की जिम्मेवारी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की होती है न कि अनर्गल बयानबाजी से भ्रम फैलाने की. उन्होंने मुख्यमंत्री से शिक्षा मंत्री के बयान पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की.

