रांचीः MGM थाना क्षेत्र के सिरोमन नगर सतलुज ब्लॉक में रहने वाले बुजुर्ग संतोक सिंह (70) की मौत बुधवार की रात 5वीं मंजिल की छत से गिरकर हो गई. वे टीनप्लेट के रिटायर्ड कर्मी थे. वो कई बीमारियों से पीड़ित थे. बेटे ने आंशका जताई है कि चक्कर आने की वजह से पिता छत से गिर गए होंगे. वहीं, आत्महत्या करने का भी शक जाहिर किया जा रहा है.
गुरुवार को शव का पोस्टमाॅर्टम हुआ. इस मामले में थाना में मृतक के पुत्र दलजीत सिंह के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है. पुत्र दलजीत सिंह ने बताया कि पिता को शुगर समेत कई बीमारियां थी. बुधवार की रात में मां अमृत कौर के साथ पिता छत पर टहलने गए थे. कुछ देर बाद पिता ने मां से पीने के लिए पानी मांगा. वे पानी लेने नीचे आ गई. इसी दरम्यान पिता छत से गिर गए. आवाज सुन सभी नीचे पहुंचे और उन्हें लेकर आस्पताल गए. जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. संतोक सिंह अपने चार बेटों के साथ रहते थे.

