रंजीत कुमार,
सीतामढ़ी: सीतामढ़ी जिले में एक बार फिर पुलिस की वर्दी दागदार हुई है जहां एक अधेड़ की मौत पुलिस की कस्टडी में हो गयी है .वैसे यह कोई नया मामला नहीं है. इससे पूर्व भी पुलिस कस्टडी में दो लोगों की मौत हो गयी जिन्हें हाल ही में सरकार द्वारा राशि भी मिली है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुनौरा थाना क्षेत्र के रंजीतपुर में रविवार की दोपहर पुलिस ने नागेश्वर प्रसाद यादव (50 वर्ष) को निर्गत वारंट के आलोक में गिरफ़्तार किया. वहीं परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस वालों ने कपड़े पहनने तक का समय नहीं दिया. गिरफ्तारी के महज 2-3 घंटे बाद उसके मरने की ख़बर परिजनों को मिली.
जिसके बाद परिजनों ने पुनौरा थानाध्यक्ष दिनेश राम पर बेहरमी से मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है. साथ ही मृतक के परिजनों ने थानाध्यक्ष पर शराब माफिया से सांठगांठ का भी आरोप लगाया.
जबकि इस मामले पर सीतामढ़ी सदर डीएसपी रामाकांत उपाध्याय में बताया कि पुनौरा थाना कुर्की जब्ती के मामले में नागेश्वर यादव को गिरफ्तार करने गई थी, गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद भी उसकी हालत बिगड़ने लगी जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. साथ ही उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा पुलिस पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं उसकी जांच होगी और दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

