चांद किशोर,
लखीसराय: समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में लखीसराय एवं सूर्यगढ़ा विधानसभा के सामान्य प्रेक्षक, व्यय प्रेक्षक तथा जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिला पदाधिकारी ने नामांकन वापसी के पश्चात् राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों, प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान दोनों विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, व्यय अनुश्रवण कोषांग के नोडल पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी चुनाव प्रेक्षकों के संपर्क पदाधिकारी औऊ राजनीतिक दल के प्रतिनिधि एवं प्रत्याशी शामिल हुए .
सूर्यगढ़ा विधानसभा के सामान्य प्रेक्षक श्री विजय बाघमारे ने राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों एवं प्रत्याशियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण मतदान कराना हमारी प्रतिबद्धता है. सभी चुनावी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है. उन्होंने प्रत्याशी एवं प्रतिनिधियों से अपील की कि आप आदर्श आचार संहिता का पालन करें एवं निर्देशो के अनुरूप चुनावी खर्चे , कोविड-19 के संदर्भ में दिए दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करे . अपने चुनावी अभिकर्ता को भी उक्त संदर्भ में पूर्ण रूप से प्रशिक्षित करें.
लखीसराय विधानसभा के सामान्य प्रेक्षक भुवनेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व की बैठकों में आपको सभी चुनावी दिशानिर्देशों की जानकारी दी गई है. स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला प्रशासन के स्तर से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं एवं उनकी जानकारी भी आपको दी गई है. आगे भी समय-समय पर निर्वाची पदाधिकारी के द्वारा आपको निर्देशों से अवगत कराया जाएगा. आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराते हुए स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने में आपके सकारात्मक सहयोग की जरूरत है. आपको चुनाव संबंधी किसी प्रकार की पुछताछ अथवा मार्गदर्शन की हो तो आप मिल सकते हैं अथवा मोबाइल पर बता सकते हैं.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिला पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के मुताबिक सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं. मतदाताओं के थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है. मतदान के लिए आने वाले सभी मतदाताओं का तापक्रम मापा जाएगा. 100. 4 डिग्री F से अधिक तापक्रम पाए जाने पर उन्हें मतदान के लिए आधा घंटा प्रतीक्षा करने के लिए कहा जा सकता है, यदि पुनः थर्मल स्क्रीनिंग में तापक्रम उतना ही पाया अथवा अधिक पाया जाता है, तो वैसी स्थिति में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के लिए निर्धारित मतदान के अंतिम घंटे में उन्हें मतदान करने की सलाह दी जा सकती है. उन्होंने कहा कि वैसे मतदाता, जो कोरोना संक्रमित हैं, उनके लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान के अंतिम घंटे में मतदान करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने बताया कि सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सुबह 7:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान होगा एवं लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के लिए सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक मतदान होगा. सभी मतदान केंद्रों पर हैंड सैनिटाइजर, ग्लव्स पीपीई किट व्यवस्था की गई है. आसपास के इलाकों में मास्क की उपलब्धता भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से सुनिश्चित कराई गई है. मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं को मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना होगा. उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टी के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के समय रैली अथवा डोर -टू- डोर प्रचार अभियान के समय निर्धारित मापदंडों का अनुपालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करायें तथा अपने चुनावी कार्यकर्ताओं को भी इस दिशा में समुचित रूप से प्रशिक्षित करें.
बैठक के दौरान दोनों निर्वाची पदाधिकारियों ने भी बैलट पेपर, बूथ लिस्ट, इलेक्टरल रोल, काउंटिंग एजेंट, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन आदि के संबंध में विस्तार से राजनीतिक दल के प्रतिनिधि एवं अभ्यर्थियों को जानकारी दी. इसके साथ-साथ व्यय अनुश्रवण कोषांग के नोडल पदाधिकारी द्वारा भी चुनावी खर्चे के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देशों का विस्तार से उल्लेख करते हुए जानकारी दी गई तथा प्रचार प्रसार के लिए मीडिया प्रमाणीकरण के विषय में भी विस्तृत रूप से चर्चा की गई. उनके द्वारा बताया गया कि चुनावी खर्चे के लेखा-जोखा के लिए लेखा जांच की तिथि निर्धारित की गई है. सभी प्रत्याशियों को तीन बार लेखा जांच के लिए वाणिज्य कर कार्यालय में स्थित कोषांग में आना होगा. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि लेखा जांच के लिए 17 अक्टूबर 2020, 21 अक्टूबर 2020 एवं 25 अक्टूबर 2020 को सुबह 10:00 बजे से 5:00 बजे तक कोषांग कार्यालय में आकर लेखा जांच कराने का समय निर्धारित किया गया है.
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी चुनावी रक्षकों के मोबाइल नंबर की जानकारी देते हुए बताया गया कि सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक विजय वाघमारे का मोबाइल नंबर 9431241963, लखीसराय विधानसभा के सामान्य प्रेक्षक भुवनेश यादव का मोबाइल नंबर 9431241973 तथा व्यय प्रेक्षक अश्विनी कुमार पांडे का मोबाइल नंबर 9431241951 है. आप चुनाव से संबंधित जानकारी अथवा मार्ग निर्देश इन नंबरों पर फोन करके प्राप्त कर सकते हैं.

