-
800 किग्रा तार के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
रांची: झारखंड की राजधानी रांची से सटे इलाको में लॉकडाउन अवधि के दौरान लगातार कई इलाकों से बिजली तार की चोरी कर ली जा रही थी, जिससे पूरा इलाका अंधकार में डूब जा रहा था और क्षेत्र के लोगों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. पुलिस ने बुधवार को इस रैकेट का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.
रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक नौशाद आलम ने बताया कि रांची के बेड़ो, इटकी, नरकोपी और मांडर थाना क्षेत्र से लगातार बिजली तार चोरी होने की शिकायत मिल रही थी.
इस तरह की घटना पर अंकुश लगाने के लिए बेड़ो के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. इसी क्रम में 30 जून को सूचना मिली की कुछ अपराधी नरकोपी थाना क्षेत्र के बेयासी कुल्टी सड़क के समीप 11 हजार वोल्ट के एल्युमिनियम तार की कटिंग कर बेचने के लिए ले जाने वाले है.
इस सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी की गयी बिजली तार को पिकअप वाहन पर लोड करते हुए जब्त कर लिया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. अपराधियों को उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वे बिजली तार को कटिंग कर वाहन पर लोड कर रहे थे.
गिरफ्तार अपराधियों की की पहचन साजीद अंसारी और एजाजुल अंसारी के रूप में की गयी है. दोनों नरकोपी थाना क्षेत्र के ही रहने वाले है. इस गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
दोनों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज है. पुलिस ने मौके से एक बोलेरो, एक पिकअप वैन और 40 बंडल एल्युमिनियम का बिजली तार बरामद किया है. प्रत्येक बंडल का वजन करीब 20किलोग्राम है और इस तरह से 800 किग्रा बिजली के अलावा एक मोबाइल भी जब्त किया गया है.

