कोडरमाः जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटहाडीह पंचायत के खेशकरी में सोमवार की रात जंगली हाथियों को भगाने के दौरान हाथियों के झुंड ने एक वृद्ध को कुचल कर मार डाला.
दरअसल, गांव में आए 19 हाथियों के झुंड को भगाने के दौरान एक वृद्ध हाथियों की चपेट में आ गया. हाथियों ने उसे पैरों से कुचल कर मार डाला.
इधर, परिजनों ने मुआवजे की मांग पर शव को उठने नहीं दिया. 50 हजार रुपए मिलने पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.
मृतक की पहचान खेशकरी निवासी खलील खान (65) के रूप में की गई है. सोमवार की रात लगभग 9 बजे ग्रामीणों को हाथियों के झुंड कटहाडीह गांव की तरफ प्रवेश करने की सूचना मिली थी.
सूचना मिलते ही कटहाडीह, खेशकरी गांव के दर्जनों लोगों ने आग जलाकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया. इसी बीच हाथियों ने खलील खान को अकेले देख कर उसे पैर से कुचल कर मार डाला. घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार की सुबह थाना प्रभारी अब्दुला खान, एएसआई धनेश्वर सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
थाना प्रभारी अब्दुला खान ने बताया कि जंगली हाथियों को भगाने के लिए रात भर स्थानीय पुलिस के अलावे वन कर्मी और ग्रामीण जुटे रहे. इसके बाद हाथियों को रेलवे लाइन पार करा हजारीबाग जिला की ओर भगाया गया है.
घटना के बाद मुखिया शाहजाद आलम, जिप सदस्य पवन सिंह, समीम खान, अमानत खान, तसव्वर खान, अरमान खान, राजकुमार यादव, एजाज खान, इरफान खान सहित दर्जनों ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर शव को उठाने नहीं दिया.
वहीं, मौके पर वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के आश्रितों को अग्रिम सहायता के लिए 50 हजार रुपए की राशि प्रदान की.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल वन विभाग की ओर से अग्रिम राशि के तौर पर यह रकम का भुगतान किया गया है. अन्य प्रक्रिया पूरा करने के बाद मुआवजे का भुगतान कर दिया जाएगा. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

