रांची: रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जंगली हाथियों का उत्पात जारी है. इसी क्रम में रकुवा गांव में एक हाथी का बच्चा कुआं में गिर गया. जिसे ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकाला गया.
गौरतलब है कि अलग झारखंड राज्य गठन के बावजूद हाथी-मानव द्वंद पर रोक नहीं लग पाया है. राज्य के गठन से लेकर अब तक गजराज ने 1400 लोगों की जानें लील ली हैं, जो असमय ही काल का ग्रास बन गये है, पर अफसोस इसके बावजूद हाथियों और जंगली जानवरों का हमला जारी है.
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक हाथी और जंगली जानवरों ने एक लाख 90 हजार 800 लोगों को नुकसान पहुंचाया हैं. इसमें फसल का नुकसान, पशुओं का नुकसान, मकानों का नुकसान और घर में रखे अनाज का नुकसान शामिल है.
जंगली जानवारों के शिकार (मौत) हो चुके लोगों पर इसके एवज में वन विभाग 13 करोड़ रुपये मुआवजा बांट चुका है. 1900 लोग घायल हो चुके हैं, इसके एवज में 3.50 करोड़ रुपये मुआवजा बांटा गया है, जबकि 109500 लोगों के फसल नुकसान, पशु का नुकसान, मकान का नुकसान और अनाज का नुकसान हुआ. इसके एवज में 32 करोड़ रुपये मुआवजा बांटा जा चुका है.

