दुमकाः राज्य में बलात्कार की घटना कम होने का नाम ही नहीं ले रही है. दुमका जिले की एक आदिवासी महिला के साथ 17 युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र में देर रात की है.
मंगलवार को हाट से लौट रहे दंपति को युवकों ने बंधक बना लिया. घर से कुछ दूरी पर ही सूनसान इलाके में अपराधियों ने महिला के साथ घटना को अंजाम दिया. अपराधियों ने शाम सात बजे से बारी-बारी से करीब 12 बजे रात तक महिला के साथ दुष्कर्म किया. अहले सुबह मामले की जानकारी पास के थाने को हुई.
पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि वो 17 में से एक को पहचानती है. पीड़िता से डीआईजी सुदर्शन मंडल, एसपी अंबर लकड़ा, एसडीपीओ विजय कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह पूछताछ की. पुलिस अधिकारी जांच में जुट गये हैं. पूरे मामले की पुष्टि डीआईजी सुदर्शन मंडल ने की है.
पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका में भेजा गया है. वहीं, पति ने भी पीड़िता के साथ हुई गैंगरेप की पुष्टि की है. पीड़िता अपने मायके मुफस्सिल थाना फसल की कटाई में मदद करने पहुंची थी. इसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया.
कुछ दिन पहले खूंटी में नाबालिग के साथ हुई थी घटना:
कुछ दिनों पहले खूंटी जिले में आदिवासी नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार का मामला सामने आया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

