नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (IND Vs AUS) वनडे सीरीज में हारने के बाद विराट कोहली बेहद दबाव में दिख रहे हैं. ऐसा लग रहा कि टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के सामने सरेंडर कर दिया है. ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा दौरे पर अभी एक वनडे बाकी है. जबकि टीम इंडिया को इसके अलावा टी-20 और टेस्ट सीरीज में भी ऑस्ट्रलिया से भिड़ना है.
ऐसे में इस बार ऑस्ट्रेलिया दौरे की चुनौती विराट के लिए किसी अग्निपरीक्षा की तरह दिख रही है. पिछले 5 मैचों में टीम इंडिया को लगातार हार का सामना करना पड़ा है. इससे पहले विराट के कप्तान रहते हुए टीम इंडिया को कभी भी इतने लगातार मैचों में हार का सामना नहीं करना पड़ा था.
पिछले 46 सालों में टीम इंडिया को सबसे ज्यादा लगातार 8 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. टीम इंडिया की ये लगातार हार 1981 में सुनील गावस्कर की कप्तानी में हुई थी. हार का ये सिलसिला सिडनी के मैदान पर ही शुरू हुआ था. इसके बाद 1989 में भारत को लगातार 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था. उन दिनों टीम इंडिया की कमान श्रीकांत और फिर वेंगसरकर के हाथों में थी. अब पांचवीं बार टीम इंडिया को लगातार 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है.

