रांची : रांची जिला के विभिन्न प्रखंडों में आज साप्ताहिक रोजगार दिवस का आयोजन किया गया. सरकार के सचिव, ग्रामीण विकास विभाग झारखंड सरकार, रांची के पत्र के आलोक में विभिन्न प्रखंड के संबंधित वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने प्रखंड का दौरा किया. इस दौरान वरीय पदाधिकारियों ने मनरेगा एवं अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ कार्य प्रगति का निरीक्षण किया.
बेड़ो के वरीय पदाधिकारी पति गिरि, निदेशक एनईपी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार सोनी के साथ रोजगार दिवस के अवसर पर विभिन्न पंचायत का भ्रमण कर योजनाओं का निरीक्षण किया. सबसे पहले वरीय पदाधिकारी एवं बीडीओ ने खूखरा पंचायत के चनकोपी ग्राम में मनरेगा योजना के तहत चल रही दीपक उरांव के डोभा योजना का निरीक्षण किया गया. डोभा में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए 8 मजदूर कार्यरत थे. इसके बाद चनकोपी ग्राम में ही अरविंद उरांव के डोभा निर्माण एवं तारकनाथ उरांव के कूप निर्माण का निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने कूप में मुढेरा बनाने का निर्देश दिया. योजना निरीक्षण के पश्चात दिघिया पंचायत में आयोजित रोजगार दिवस कार्यकम में शामिल हुए.
वरीय पदाधिकारी पति गिरि एवं बीडीओ द्वारा मनरेगा सभागार बेडो में प्रखंड मे चल रही मनरेगा एवं अन्य योजनाओं की समीक्षा भी की गयी. मनरेगा योजना में कार्यरत मजदूरों की समीक्षा करते हुए बेडो पंचायत एवं जरिया पंचायत में मजदूरों की कम उपस्थिति पर उक्त पंचायत के रोजगार सेवक पर नाराजगी जाहिर की गई एवं अधिक से अधिक मजदूर को कार्य में लगाने का निर्देश दिया गया. साथ ही वरीय पदाधिकारी द्वारा विभागावार समीक्षा की कर आवश्यक दिशा निदेश दिये. बैठक में प्रखंड कृषि पदाधिकारी कलिन्द्र साहु, प्रखंड कार्यकम पदाधिकारी संजय तिर्की, सहायक अभियंता मानोज कुमार, कनीय अभियंता मजाज अहमद सहित सभी पंचायत सचिव, जनसेवक एवं रोजगार सेवक उपस्थित थे.
ओरमांझी प्रखंड के हेन्देविली पंचायत में रोजगार दिवस के अवसर पर वरीय प्रभारी अपर समाहत्र्ता लॉ एंड ऑर्डर की उपस्थिति में जॉब कार्ड का वितरण किया गया। वरीय पदाधिकारी ने पंचायत में चल रही विभिन्न प्रकार की योजनाओं जैसे बिरसा मुंडा हरित ग्राम योजना, नीलांबर-पीतांबर जल समृद्धि योजना, पोटो हो खेल विकास योजना सहित अन्य योजनाओं का निरीक्षण भी किया एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं नरेगाकर्मियों को आवश्यक निदेश दिया। साथ ही प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में रोजगार दिवस पर विभिन्न प्रकार की गतिविधियां संपन्न हुई.
चान्हो प्रखंड के लुण्डरी पंचायत में सप्ताहिक रोजगार दिवस के अवसर पर वरीय प्रभारी सह विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, रांची श्रीमती मीना, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, मुखिया, सहायक अभियंता, कनीया अभियंता, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक एवं ग्रामीण उपस्थित हुए। इस दौरान वरीय प्रभारी के द्वारा जॉब कार्ड का वितरण किया गया एवं विभिन्न योजनाओं जैसे जल समृद्धि योजना(नाला), खेल मैदान, डोभा, आम बागवानी आदि का निरीक्षण भी किया गया।
कांके प्रखण्ड के बाढू पंचायत में रोजागार दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें प्रखंड के वरीय पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, पंचायत के मुखिया, सभी वार्ड सदस्य सहित ग्रामीण उपस्थित हुए. इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों के बीच मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि पर विस्तृत चर्चा की गई.
एडीएम नक्सल, रांची सह वरीय प्रभारी नामकुम ने प्रखंड के नामकुम पंचायत का दौरा किया। यहां उन्होंने मनरेगा के तहत खेल मैदान के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान स्थानीय विधायक भी मौजूद थे. पंचायत में मनरेगा योजना के तहत बिरसा हरित योजना, आम बागवानी एवं डोभा निर्माण का भी निरीक्षण वरीय पदाधिकारी ने किया.
प्रखंड के अन्य वरीय पदाधिकारियों ने भी संबंधित प्रखंड का दौरा किया एवं मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं की कार्य प्रगति का निरीक्षण किया.

