जम्मू-कश्मीर: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए. सेना और पुलिस ने इलाके में छिपे आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष जानकारी मिलने के बाद कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) चलाया और आतंवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी.
पुलिस ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, “वानपोरा कुलगाम में चल रहे ऑपरेशन में दो आतंकवादी मारे गए. संयुक्त ऑपरेशन जारी है.”
सुरक्षाबल मुठभेड़स्थल पर आतंकियों के घरवालों को भी बुलाकर लाए थे. घरवालों ने उनसे अपील की थी कि वो सेना के सामने खुद को सरेंडर कर दें. लेकिन आतंकियों ने घरवालों की बात भी नहीं सुनी और सरेंडर करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने उन्हें मार गिराया.
भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया. ढेर किए गए आतंकवादियों के पास से हथियार बरामद हुआ है.
मालूम हो कि कुलगाम में पांच दिनों के अंदर यह दूसरा ऑपरेशन है. इससे पहले मंजगाम इलाके में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में दो आतंकवादियों को ढेर किया था.

