“माल महाराज का, मिर्जा खेल रहे होली”
अवैध कब्जा कर बनाए गए दुकानों से होती है लाखों की वसूली
रांची: शहर की ह्रदय स्थली के रूप में विकसित बिरसा चौक-हटिया रेलवे स्टेशन मार्ग के मुहाने पर अतिक्रमणकारियों द्वारा अवैध कब्जा कर दुकानें बना ली गई है. इससे यातायात बाधित होता है. इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों के मुताबिक अतिक्रमणकारियों ने अवैध रूप से सरकारी जमीन पर कब्जा कर दुकानों का निर्माण कर लिया है. इन दुकानों को किराए पर लगाकर प्रतिमाह लाखों की वसूली की जा रही है.
यही नहीं, अतिक्रमणकारियों द्वारा दुकानों के सामने भी सड़क पर ठेला-खोमचा लगवा कर उगाही की जाती है. यह सिलसिला वर्षों से बदस्तूर जारी है. इस संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए दुकानों से बिरसा चौक और हटिया स्टेशन रोड पर अक्सर आवागमन बाधित होता रहता है. सड़क से सटे जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए दुकानों से बिरसा चौक मुख्य सड़क को हटिया स्टेशन से जोड़ने वाला मार्ग संकीर्ण हो गया है. इससे अक्सर दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है.
इस संबंध में रांची नगर निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों का ध्यान स्थानीय लोगों द्वारा कई बार आकृष्ट कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार्रवाई के तौर पर सड़क की मापी कर महज खानापूर्ति की जाती है, लेकिन अतिक्रमण हटाने की दिशा में कभी कारगर कदम नहीं उठाया गया. विगत माह स्थानीय लोगों द्वारा नगर निगम के अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के आला अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है.

