मेदिनीनगर:- मेदिनीनगर निगम अंतर्गत सभी वार्डों में टीकाकरण सुनिश्चित कराने को लेकर उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी.
समाहरणालय के सभागार में आयोजित बैठक में डीडीसी सह नगर आयुक्त शेखर जमुआर,अपर समाहर्ता सुजीत कुमार सिंह,सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश शाह,सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ कैनेडी,उप महापौर मंगल सिंह,डीपीएम दीपक समेत सभी वार्ड पार्षद उपस्थित थे.
बैठक में डीसी ने 4 एवं 5 अप्रैल को चलने वाले अभियान में नगर निगम अंतर्गत सभी वार्डो को वैक्सीनशन से आच्छादित करने की बात कही.
बैठक में उपायुक्त ने सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने स्तर से वैक्सीनेशन को लेकर प्रचार -प्रसार करने की बात कही.उन्होंने कहा कि जिले में अबतक कुल 95000 लोगों ने कोरोना वैक्सीन लिया है एवं सभी सुरक्षित हैं इसका भी प्रचार करें ताकि लोगों के बीच वैक्सीन के प्रति विश्वास बढ़ाया जा सके.
बैठक में उपायुक्त ने सीएस को पूरे नगर निगम क्षेत्र में कम से कम 15 टीकाकरण सेंटर चिन्हित करने का निर्देश दिया.उन्होंने बड़े भवन जैसे पंचयात भवन,स्कूल,एवं अन्य सामुदायिक भवन को टीकाकरण सेंटर के रूप में चिन्हित करने का निर्देश दिया.उन्होंने ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण हेतु सीएस और नगरआयुक्त को डिप्टी मेयर के साथ समन्वय बनाते हुए काम करने की बात कही.

