-
वर्चुअल रैली छोड़, मोदी से मिलकर प्रधानमंत्री को झारखंड का हाल बतायें भाजपा नेता
रांची: भाजपा द्वारा आयोजित वर्चुअल रैली पर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि आज पूरा देश कोरोना जैसी महामारी से जुझ रहा है और भाजपा वर्चुअल रैली कर राजनीतिक गतिविधियों में जुटी हुई है.
उन्होंने कहा कि खासकर झारखंड में जिस रफ्तार से कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है और संक्रमण चरम पर है और दूसरी तरफ भाजपा वाले नेतागिरी से बाज नहीं आ रहे हैं.
केंद्र सरकार के गलत फैसलों के कारण आज पूरे देश में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। केंद्र सरकार सही समय पर सही निर्णय नहीं ले पाती जिसका खामियाजा पूरे देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है. जनता का गुस्सा उबाल पर है.
उन्होंने कहा कि अब भाजपा के नेता वर्चुअल रैली कर जनता के बीच नौटंकी दिखा रहे हैं. भाजपा के नेता को चाहिए था कि ये लोग दिल्ली जाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर झारखंड की वास्तविक वस्तु स्थिति को उनके समक्ष रखकर झारखंड को आर्थिक पैकेज दिलाएं. आज झारखंड को आर्थिक सहायता की जरूरत है ना की रैलियों की.
सिर्फ राजनीतिक स्वार्थ के लिए बाबूलाल ने बदली पार्टी:
डॉ. इरफान ने बाबूलाल मरांडी ने सिर्फ राजनीतिक स्वार्थ को पूरा करने के लिए पार्टी बदली. आज उसी कांग्रेस पार्टी के खिलाफ बोल रहे हैं जिसने उन्हें हरसंभव मदद किया. सेक्यूलर की छवि दिखा कर इन्होंने जनता से वोट ठगने का काम किया है. जब पद लेने की बात आई तो भाजपा का दामन थाम लिया.

