कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सोशल डिस्टेसिंग का पालन, मास्क पहने नजर आ रहे अधिकांश पर्यटक
रांची:-झारखंड में शुक्रवार को को नववर्ष के स्वागत को लेकर जश्न , हर्ष और उल्लास का माहौल है. कोरोना संक्रमण के खतरों के बावजूद विभिन्न पर्यटक स्थलों, होटल और पार्क में सुबह से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गयी. जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने साल के पहले दिन मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. इसके अलावा विभिन्न धर्मां के लोगों ने भी अपने-अपने धार्मिक स्थल में जाकर अराधाना की. इससे पहले नववर्ष 2020 के स्वागत को लेकर गुरुवार देर रात से ही शुरू हुआ जश्न शुक्रवार को भी दिनभर जारी रहा. सभी पिकनिक स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी . स्थानीय प्रशासन की ओर से पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है. विभिन्न पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा को लेकर काफी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है. कोरोना संक्रमण के फैलाव की आशंका को लेकर प्रशासन के सख्त निर्देश और पुलिस की नजर के कारण अधिकांश पर्यटक पिकनिक स्पॉट पर भी सोशल डिस्टेसिंग का पालन और मास्क पहने नजर आ आये. नये साल की शुरुआत पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य वासियों को नव वर्ष की बधाई दी है.
साल के पहले दिन राजधानी रांची के तमाम मंदिरों के साथ-साथ पहाड़ी मंदिर में भी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, लोग भगवान के दर्शन कर नए वर्ष के पहले दिन की शुरुआत कर रहे हैं और भगवान से मन्नत मांग रहे हैं. श्रद्धालुओं का मानना है कि पहला दिन अगर भगवान के दर्शन के साथ श्री गणेश किया जाए तो बाकी दिन भी अच्छा ही बीतेगा. इसी उम्मीद और उत्साह के साथ लोग मंदिर में पहुंचकर भगवान की पूजा-अर्चना कर कर रहे हैं. रांची के देवडी मंदिर में भक्तों को ताँता लगा हुआ है, सुबह चार बजे से ही देवडी मंदिर परिसर में पूजा करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रांची-टाटा मार्ग पर एक किलोमीटी लंबी कतार में लग कर अपनी पारी का इंतज़ार करते नजर आये. शहर के मेन रोड स्थित काली मंदिर में भी पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही.
इससे पहले गुरुवार रात को 12 बजे से राजधानी रांची ने शाही अंदाज में नए साल का स्वागत किया. शहर के कई होटल और रेस्टोरेंट में रात भर पार्टी और मस्ती का दौर चलता रहा. रांची क्लब में नव वर्ष पर रंगारंग कार्यक्रम हुए. इसमें क्लब के सदस्य और उनके परिजन करीब चार घंटे तक झूमते नजर आए. सुबह पार्क और विभिन्न फॉल्स के पास पिकनिक मनाने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों ने हंसते-गाते हुए नए साल का स्वागत किया. चेहरे पर तरह-तरह की रंग-बिरंगी पेंटिग्स बनाकर बच्चों ने नया साल मनाया. न्यू ईयर ग्रीट के लिए एमजी रोड स्थित संस्थान की सज-धज ही अलग थी. बच्चों ने फेस पेंटिग्स और कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा.
पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
राजधानी रांची और इसके आसपास पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. नववर्ष के मौके पर मंदिरों, चर्च, गुरुद्वारों में भी पूजा-अर्चना और प्रार्थना करने वालों की भीड़ जुटने लगी है. नये वर्ष पर तेज रफ्तार में वाहन चलाने पर वाहनों को पुलिस जब्त करती नजर आयी. नदी, जलाशय व डैम में लाइफ जैकेट पहनने के बाद ही वोटिंग की इजाजत नहीं दी गयी. डैम व पर्यटन स्थलों पर तैनात मजिस्ट्रेट, पुलिस अफसर व जवान हर गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाये हुए थे. हुंडरू, जोन्हा, दशम और सीता फॉल सहित रांची जिले के सभी जलाशयों में स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की गई थी. पर्यटन स्थलों के खतरनाक स्थान को चिन्हित कर वहां बोर्ड लगाया गया था.

