नई दिल्ली: बीजेपी पार्षद मनोज महलावत को शुक्रवार को 10 लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया. भ्रष्टाचार के इस बड़े मुद्दे को लेकर दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने बीजेपी को आड़े हाथ लिया है. आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा कि मनोज महलावत की गिरफ्तारी के बाद एमसीडी में सक्रिय बिल्डिंग डिपार्टमेंट माफिया का पर्दाफाश हो गया. आम आदमी पार्टी ने सीबीआई को भी आड़े हाथ लिया. उन्होंने कहा कि सीबीआई ने ये गिरफ्तारी तो गलती से कर ली है, सीबीआई ने गिरफ्तारी के बाद इस बात छिपा लिया था.
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एमसीडी ने बिल्डिंग बनाने को लेकर नियम-कायदे बहुत कठिन किए हुए हैं. ईमानदार से ईमानदार व्यक्ति को भी मकान बनाने के लिए एमसीडी को रिश्वत देनी ही पड़ती है, इसके अलावा कोई विकल्प ही नहीं है. उन्होंने कहा कि एमसीडी का बिल्डिंग डिपार्टमेंट माफिया बेलदार से लेकर पार्षद तक चलता है.
उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए कहा कि भाजपा बताए कि पार्षद जो करोड़ों रुपए इकट्ठा करके लाते हैं, वे उस पैसे को किस-किस को देते हैं. सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मैं दिल्ली की एक विधानसभा का विधायक होने के नाते पूरी जिम्मेदारी के साथ इस बात को कह रहा हूं कि यदि आपको दिल्ली में अपना मकान बनाना है, तो आप चाहे कितने ही इमानदार क्यों न हो, आप चाहे कितने ही कानून पालक क्यों न हो, बिना एमसीडी को पैसा दिए आप अपना घर बना ही नहीं सकते.

