रांची: भाजपा सांसद बीडी राम ने कहा कि अपना घर हो, ये हर गरीब का सपना होता है और इस सपने को भाजपा सरकार ने पूरा किया है. लोगों को आवास देने का काम किया गया. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भाजपा सरकार ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को आवास उपलब्ध कराया गया.
इस योजना के तहत राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 4 लाख 68 हजार से ज्यादा आवास दिए गए. वहीं शहरी क्षेत्रों में अबतक एक लाख से अधिक आवास उपलब्ध कराये. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत 19 हजार आवास स्वीकृत किये गए हैं, जिसमें 8 हजार से अधिक आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है. जो पिछले 14 वर्षों में नहीं हुआ वो इन 5 वर्षों में भाजपा की रघुवर सरकार ने कर दिखाया है.
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबका-साथ सबका-विश्वास के मूलमंत्र के साथ काम किया है. भाजपा सरकार ने हर वर्ग के लोगों का ख्याल रखा है. विगत 14 वर्षों में गैर भाजपाई सरकारों ने केवल झूठ की राजनीति ही कि है. उनके बारे में कुछ नहीं किया.
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आने वाले 5 वर्षों का भी खाका तैयार कर लिया है. अपने घोषणा पत्र में सरकार ने हर वर्गों का ख्याल रखा है. वैसे लोग जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं , उनके हर सपनों को पूरा करने का बीड़ा राज्य सरकार ने उठाया है. यह काम केवल भाजपा सरकार ही कर सकती है.

