मुंगेर: एसपी लिपि सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के मुढेरी गांव से मिनी गन फैक्ट्री पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली. पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के रैकेट का भंडफोड़ कर दिया.
वहीं जानकारी देते हुए एसपी ने बताया कि मुढेरी गांव में छापामारी के दौरान नाइन एमएम की एक कार्बाइन, .22 बोर की एक राइफल, एक रिवाल्वर, 10 देसी कट्टा, 7.65 एमएम की एक पिस्टल, तीन अर्धनिर्मित राइफल, चार अर्धनिर्मित कार्बाइन, एक अर्धनिर्मित देसी कट्टा, दो अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद किया गया.
इसके अलावा तीन बेस मशीन, दो ड्रिल मशीन, एक छोटा वेल्डिग मशीन, तीन हैंड मशीन, आठ रेती भी बरामद किए गए. छापामारी में कार्बाइन की 12 मैगजीन और कार्बाइन में इस्तेमाल होने वाले कई स्प्रिंग भी बरामद किए गए. इस दौरान पुलिस ने हथियार तस्करी के अंतरजिला और अंतरराज्यीय नेटवर्क को संचालित करने वाले सौरव को भी धर दबोचा. उसके भाई सुस्मित साव और पिता सुधीर साव की भी गिरफ्तारी की गई.
एसपी ने कहा कि सौरव का पूरा परिवार अवैध हथियार बनाने और उसे दूसरे जिलों के अलावा दूसरे राज्यों को बेचने के रैकेट में शामिल था. हथियारों को बिहार के दूसरे जिलों के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में भी बेचा जा रहा था. एसपी लिपि सिंह को दो दिन पहले मुढेरी गांव में अवैध मिनी गन फैक्ट्री संचालित किए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद जिला आसूचना इकाई को सूचना का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए. वहीं, अवैध हथियार निर्माण से जुड़े लोगों की हर गतिविधि पर नजर रखने के भी निर्देश दिए गए.
इसके बाद हवेली खड़गपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. जिला आसूचना छापेमारी दल में एसपी के अलावा एसडीपीओ संजय कुमार पांडे, खड़गपुर थानाध्यक्ष मिटू सिंह, गंगटा थानाध्यक्ष मजहर मकबूल, संग्रामपुर थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार, असरगंज थानाध्यक्ष स्वयंप्रभा, तारापुर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार शामिल थे.

