रांची: लाॅकडाउन के दौरान विशेष रुप से गरीबों को हो रही परेशानियों को देखते हुए विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं और सामाजिक कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर से राहत कार्य में जुटे हैं.
इसमें हटिया स्टेशन रोड स्थित होटल पार्क ईन और पूजा रेस्टोरेंट के संचालक रामाशंकर प्रसाद भी शामिल हैं. लाॅकडाउन शुरू होने के दिन से ही उन्होंने संकल्प लिया कि आसपास के इलाकों के गरीबों व भोजन से वंचित लोगों को दोपहर का भोजन उपलब्ध कराएंगे. इस संकल्प को वह संयम और खुशमिजाजी के साथ पूरा करने में जुटे हैं.
वे तकरीबन रोज दो-ढाई सौ गरीबों को दोपहर का भोजन उपलब्ध करा रहे हैं. इसके तहत विभिन्न प्रकार का व्यंजन गरीबों को परोसा जाता है. बीते दिनों मौसम की बेरुखी और अकस्मात आए आंधी-तूफान, वज्रपात से उनके होटल के ऊपरी हिस्से में निर्मित साज-सज्जायुक्त शेड व शीशे की खिड़कियां आदि चकनाचूर हो गई. इस प्राकृतिक आपदा से उन्हें काफी नुकसान पहुंचा. इससे आहत रामाशंकर दो-तीन दिन तक गरीबों के लिए दोपहर में भोजन मुहैया नहीं करा सके. इसका उन्हें काफी अफसोस है पर गरीबों के प्रति उनके जज्बे और जुनून ने उन्हें फिर प्रेरित किया और गरीबों की सेवा में फिर पूर्ववत उसी बुलंद हौसले के साथ जुट गए.
उनकी पत्नी आशा देवी, पुत्र आदित्य और पुत्री पूजा सहित अन्य परिजनों व सहयोगियों ने भी उनकी हौसला अफजाई की. उनका संकल्प है कि जबतक लाॅकडाउन रहेगा, तबतक गरीबों को एक समय का भोजन कराते रहेंगे. इस क्रम में आज रविवार को उन्होंने बिरसा चौक हटिया स्टेशन रोड व आसपास के लगभग ढ़ाई सौ गरीबों को दाल-भात, सब्जी खिलाया.
पीड़ित मानवता की सेवा के इस पुनीत कार्य में श्रीधर सिंह, गोपाल झा, मुन्ना सिंह, विजय शर्मा सहित अन्य समाजसेवियों ने सहयोग किया. मानव सेवा के प्रति रामाशंकर के जज्बे की चहुंओर सराहना की जा रही है.

