मूल्य वृद्धि के खिलाफ साईकिल जुलूस निकाला
रांची. कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा कि केंद्र सरकार वर्ष 2014 की तरह पेट्रोल और डीजल की एक्साइज ड्यूटी कर दें, तो पेट्रोल की कीमत 25 रुपये प्रति लीटर कम और डीजल का मूल्य 28 रुपये स्वतः कम हो जाएगी. वे गुरुवार को रांची में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. इससे पहले वे युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं की ओर से पेट्रोलियम पदार्थां की कीमतों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ आयोजित हल्ला बोल कार्यक्रम सह साईकिल रैली में भी शामिल हुए. रांची के मोरहाबादी मैदान से कांग्रेस भवन तक आयोजित रिक्शा एवं साईकिल रैली में विधायक दीपिका पांडेय सिंह, राजेश कच्छप और प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे और लाल किशोरनाथ शाहदेव ने भी हिस्सा लिया.
बाद में कांग्रेस भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गौरव वल्लभ ने कहा कि वर्ष 2014 में जब इंटरनेशनल मार्केट में पेट्रोल-डीजल की कीमत शीर्ष पर थी, उस वक्त कांग्रेस शासन में डीजल पर प्रति लीटर सिर्फ 3.56 रुपये का एक्साइज ड्यूटी लिया जाता था, लेकिन इसमें 800 गुणा की बढ़ोत्तरी की गयी और अब केंद्र सरकार डीजल पर प्रति लीटर 31.83 रुपये का एक्साइज ड्यूटी वसूल रही है. इसी तरह पेट्रोल पर एक्साइज यूपीए शासनकाल में एक्साइज ड्यूटी प्रति लीटर 9.48रुपये लीटर था, वह बढ़कर आज 32.98 रुपये प्रति लीटर हो चुका है. इस तरह से पेट्रोल पर 250 गुणा एक्साइज ड्यूटी की बढ़ोत्तरी की गयी है.

