रामगढ़: रामगढ़ थाना क्षेत्र के टायर मोड़ से बीते 4 जनवरी को चोरी हुए बोलेरो को पुलिस ने हजारीबाग से बरामद कर लिया है. इस संबंध में सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुज उरांव ने थाना प्रभारी विपिन कुमार की उपस्थिति में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी.
एसडीपीओ ने बताया बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के निवासी विकास कुमार की बोलेरो गाड़ी जो एयरटेल कंपनी में किराए पर चलती थी, बीती रात अज्ञात वाहन चोरों के द्वारा चोरी कर ली गई थी. पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के दिशा निर्देश पर इस मामले में विशेष जांच दल का गठन किया गया था.
विशेष जांच दल ने तकनीकी टीम की मदद से हजारीबाग से उक्त बोलेरो को बरामद किया है. उन्होंने बताया चोरी हुए बोलेरो वाहन संख्या जेएच 02 एएन 3586 में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था. जिसकी जानकारी चोरों को नहीं थी. जीपीएस सिस्टम को ट्रैक करते हुए पुलिस वाहन चोरों तक पहुंची. सूत्रों के अनुसार इस मामले में एक अपराधी की गिरफ्तारी हुई है. गिरफ्तार व्यक्ति का नाम विवेक कुमार पांडे है जो इचाक थाना क्षेत्र के आरा गांव का रहने वाला है.

