जामताड़ाः नारायणपुर थाना क्षेत्र के मिरगा के पास गोविंदपुर-साहिबगंज मेन रोड पर शनिवार की रात ट्रक और बोलेरो की टक्कर हो गई. हादसे में बोलेरो सवार एक महिला की मौत हो गई. जबकि 7 लोग जख्मी हो गए. बोलेरो सवार सभी धनबाद के कोराया बारात गए थे. रात में सभी लौट रहे थे और इसी बीच यह हादसा हुआ. इधर, हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक को घटनास्थल पर छोड़ भाग निकला.
मृतका की पहचान मालवा निवासी पार्वती हांसदा (60) के रूप में की गई. जबकि बोलेरो में सवार सुकेश हांसदा, छोटे हांसदा, ठाकुर लाल, कुसुम मरांडी, कीनू मरांडी, गीता मुर्मू और फुलमनी सोरेन घायल हो गए. सुकेश हांसदा को गंभीर चोटें आई है. दरअसल, सभी शादी में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे. जैसे बोलेरा मिरगा के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस माैके पर पहुंची और घायलों को नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद सुकेश हांसदा को पीएमसीएससी धनबाद रेफर कर दिया गया. जबकि, दुर्घटना में घायल अन्य लोगों को बेहतर इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया है.

