रांची: रांची पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक युवक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया. लालपुर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर युवक को गिरफ्तार किया. बताया गया है कि युवक फर्जी आईबी अधिकारी बनकर कई युवाओं को नौकरी दिलाने की मांग पर लाखों रुपये की ठगी की.
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता को गुप्त सूचना मिली थी कि शेखर कुमार नामक युवक अपने आप को आईबी का पदाधिकारी बताते हुए लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता है. इस ठगी के शिकार अशोक कुमार एवं चार अन्य लोगों ने लालपुर थाने में शिकायत भी की थी.
पुलिस गिरफ्तार शेखर कुमार से सघन पूछताछ कर रही है, जिससे कई मामले उजागर होने की संभावना है. इनके साथ अन्य दर्जनों लोगों से नौकरी के नाम पर ठगी किए जाने की बात प्रकाश में आयी है. पूछताछ के क्रम में उसने बताया कि झारखंड के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय एजेंट बनाकर शेखर द्वारा आसपास के भोले-भाले लोगों से संपर्क बनाकर नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे की ठगी गयी.
शेखर की उम्र 29 साल है और वह कोडरमा के झुमरी तिलैया का रहने वाला है और रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के करमटोली स्थित वसुंध्रा अपार्टमेंट में रह रहा था. उसके पास से पुलिस ने प्रोपर्टी से संबंधित एग्रीमेंट और अन्य कागजात बरामद किये गये है, वहीं हस्ताक्षर किया हुआ करीब 75 लाख का ब्लैंक एवं विभिन्न नामों का चेक बरामद किया है. इसके अलावा आईबी ऑफिसर का आईडी कार्ड की छायप्रति एवं अन्य दस्तावेज एवं कागजात भी जब्त किये गये है.

