रांची: रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र मे सेना में बहाली के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाला पंकज सिंह को रविवार को आर्मी इंटेलिजेंस की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया गया. उस पर लगभग 25 युवकों से बहाली के नाम पर पैसा ठगने का आरोप है. वहीं जानकारी मिलने पर कई पीड़ित युवक जगन्नाथपुर थाना पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज करायी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के पास से बड़े पैमाने पर आर्मी में बहाली से जुड़े दस्तावेज और स्टैम्प बरामद किए गए हैं. पंकज पर करीब 25 युवकों से भारतीय सेना में बहाली के नाम पर पैसा उगाहने का आरोप है. इधर, पंकज की गिरफ्तारी की सूचना पर ठगी के शिकार हुए दर्जनों पीड़ित एवं आर्मी के अधिकारी जगन्नाथपुर थाना पहुंचे हैं.
इससे पूर्व रांची के चुटिया थाना क्षेत्र से भी 3 लोगों की गिरफ्तारी की गई है.
इधर, आर्मी में बहाली के नाम पर हो रही ठगी के भुक्तभोगी 25 युवक जगन्नाथपुर थाना पहुंचे हैं. वे ठगी के इस बड़े मामले में एफआइआर की तैयारी कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि पंकज सिंह का नेटवर्क पूरे झारखंड में फैला हुआ है. उसने सैकड़ों युवकों को अपने चंगुल में फंसा रखा है. वह बहुत ही सुनियोजित तरीके से युवकों को नौकरी दिलाने के नाम पर खेत, जमीन, घर बेचवा कर लाखों रुपए की ठगी कर चुका है.

