साल 2020 बॉलीवुड के लिए किसी दु:स्वप्न जैसा साबित हो रहा है. लगातार एक के बाद एक बॉलीवुड के गलियारे से बुरी खबरें सामने आ रही हैं. बीते दिन मशहूर गीतकार अनवर सागर के निधन की खबर आई थी. अब खबर है कि रोमांटिक और गुदगुदाती हुई फिल्में बनाने वाले मशहूर निर्देशक बासु चटर्जी का निधन हो गया.
इस बात की जानकारी फिल्मकार अशोक पंडित ने दी है. अशोक पंडित ने ट्वीट किया, ‘मैं यह बताते हुए बेहद दुखी हूं कि महान फिल्मकार बासु चटर्जी जी का निधन हो गया है. उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 2 बजे सांताक्रूज में किया जाएगा. यह फिल्म जगत के लिए एक बड़ी क्षति है. आपकी याद आएगी सर.’
बासु चटर्जी की उम्र 90 वर्ष थी. हालांकि उनका निधन किस कारण हुआ अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है.
बासु चटर्जी का जन्म 30 जनवरी 1930 को अजमेर में हुआ था. बासु को उनकी अलग पहचान बनाने वाली फिल्मों के लिए जाना जाता था. ‘चमेली की शादी’, ‘खट्टा मीठा’, रजनीगंधा जैसी फिल्मों में उन्होंने अपना जादू बिखेरा था. उनकी फिल्में मध्यम वर्ग परिवारों पर आधारित होती थीं. ये फिल्में अक्सर दर्शकों को खूब गुदगुदाया करती थीं. बासु चटर्जी का निधन मनोरंजन जगत के लिए अपूर्णनीय क्षति है.

