इटावा: बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगला धोबा गांव में खेतों पर काम कर रहे किसान की मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. बदमाश हत्या की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मृतक किसान के परिजनों ने बताया कि वह देर रात अपने खेतों में पानी लगा रहा था. इसी दौरान गांव के ही एक युवक से खंदी काटने को लेकर विवाद हो गया. जिसके बाद उस व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मौके पर आकर किसान के गोली मार दी. जिससे किसान की मौत हो गयी.
घटनास्थल पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि थाना बसरेहर क्षेत्र के अंतर्गत नगला धोबा गांव में 40 वर्षीय किसान रविन्द्र कुमार अपने खेतों में काम कर रहा था. तभी खेतो में काम करते समय गांव के ही एक व्यक्ति से उसका झगड़ा हो गया. जिसके बाद उस व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ आकर किसान को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. हत्यारो की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगा दी गई है. जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी कर ली जायेगी.

