रांची: केंद्र सरकार की कृषि उन्मुख योजनाओं का लाभ बड़े पैमाने पर देश के किसानों को मिल रहा है. रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड के नागेश्वर महतो कृषि कार्य से जुड़कर खुद आत्मनिर्भर बन रहे हैं. दूसरों को भी रोजगार का मौका दे रहे हैं.
ग्रेजुएशन की पढ़ाई करने के बाद रोजगार नहीं मिलने और आर्थिक परेशानियों का सामना करने के बाद नागेश्वर महतो ने कृषि कार्य की ओर रुख किया.
एक समय था जब नागेश्वर दूसरे की जमीन पर खेती करते थे, लेकिन आज वे लगभग 14 एकड़ जमीन पर सब्जी का उत्पादन कर आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बढ़ रहे हैं.
कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन चुके नागेश्वर महतो दूसरों को भी रोजगार देने वाले बन गए हैं. नागेश्वर के फार्म हाउस में लगभग 40 स्थानीय लोग काम करते हैं. नागेश्वर महतो का कहना है कि खेती के माध्यम से गांव में ही गांव के लोगों को रोजगार मिलना एक बड़ी उपलब्धि है.
गांव के ही युवा किसान मनोज कुमार महतो, नागेश्वर महतो को एक आदर्श किसान बताते हैं. उनका कहना है कि पिछले ढाई साल में उन्होंने नागेश्वर महतो को अपनी मेहनत और लगन से सफलता की ऊंचाइयों को छूते हुए देखा है.
आत्मनिर्भर भारत अभियान को आगे बढ़ाने में कृषि क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है. कृषि की वैज्ञानिक और नई तकनीक ने नागेश्वर महतो जैसे किसानों की राह को और भी आसान बना दिया है.

