उत्तर प्रदेश: मुरादाबाद में किसान का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेजा है. उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दारापुर निवासी बाबू सिंह का 35 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार खेती किसानी करता है. वह बृहस्पतिवार की सुबह ग्राम भजियावाला के जंगल में अपने खेत पर गया था. मनोज कुमार शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खेत पर जाकर तलाश की. जंगल में पेड़ से मनोज कुमार का शव लटका देख कर परिजनों की चीख निकल गई.
उसका शव रस्सी के फंदे से लटका हुआ झूल रहा था. देखते ही देखते मौके पर दारापुर मदारपुर के साथ भजियावाला के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. इसके मिलते ही पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मनोज की मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असल वजह सामने आएगी.

