राजस्थान: राजस्थान में एक नाबालिग लड़की ने सुसाइड कर लिया है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना भरतपुर के हलैना थाना क्षेत्र के एक गांव की है. एएसपी सुरेश कुमार खिंची ने बताया कि पीड़िता के भाई ने हलैना थाने में एक मामला दर्ज करवाया है. पीड़िता के भाई का आरोप है कि 22 फरवरी को मृतका के साथ गांव के एक युवक ने रेप किया. इस घटना के बाद 14 साल की लड़की ने सुसाइड कर लिया है.
एएसपी सुरेश कुमार खिंची ने बताया कि पीड़िता खेत से भैंसों के लिए चारा लेने गई थी. तभी खेत में गांव के लालाराम नाम के युवक ने पीड़िता को अकेला पाकर उसके साथ रेप किया. वहीं, पीड़िता के चिल्लाने पर वहां खेत में काम कर रहे उसके भाई और उसके ताऊ पहुंच गये. पीड़िता के परिवार ने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन थोड़ी देर में ही आरोपी लालाराम के परिवार वाले भी आ गए. इसके बाद उन्होंने जबरन आरोपी को छुड़वा लिया और वहां से भगा दिया.
बताया जा रहा है कि बदनामी के डर से पीड़ित परिजनों ने ये बात किसी को नहीं बताई, लेकिन उस घटना से दुःखी होकर लड़की ने आत्महत्या कर ली. जिसके बाद परिवार ने मामला दर्ज करवाया है. मृतक लड़की 9वीं कक्षा में पढ़ती थी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को हलैना के अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. साथ पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

