ब्लास्ट में घायल महिला की रिम्स में इलाज के क्रम में हुई मौत
रांची:- झारखंड के हजारीबाग में केरोसिन ब्लास्ट का मामला थम नहीं रहा है. केरोसिन ब्लास्ट की वजह से जिले में एक और महिला की मौत हो गयी. जिले में केरोसिन ब्लास्ट की वजह से मौत का ये पांचवा मामला है. मृत महिला का नाम उर्मिला है. जानकारी के मुताबिक 1 मार्च को ही केरोसिन ब्लास्ट की ये घटना हुई थी. घटना में उर्मिला गंभीर रूप से घायल हो गयी थी.
घायल महिला को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था. वहां से उसे रिम्स रेफर कर दिया गया था. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गयी.
हजारीबाग में केरोसिन विस्फोट से होने वाली मौत की ये पांचवी घटना है. यहां के लोगो में डर का माहौल बन गया है. केरोसिन विस्फोट मामले को लेकर जिला प्रशासन ने पूरे जिले में केरोसिन का सैंपल लिया है. सैंपल को जांच के लिए भेज दिया गया है. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केरोसिन का इस्तेमाल ना करें.
इधर, रिम्स में भर्ती महिला की मौत की सूचना मिलते ही कृषि मंत्री बादल तुरंत विधानसभा में ही इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दी. मुख्यमंत्री ने अविलंब मुख्य सचिव को घटना के संबंध में उचित करवाई के निर्देश दिए. मुख्य सचिव ने घटना के तुरंत बाद आपदा के तहत मिलने वाले मुआवजे को अविलंब देने के निर्देश दे दिए है. वही कृषिमंत्री बदल की टीम ने घटना के तुरंत बाद रिम्स पहुंचकर मृतका के शव पोस्टमार्टम करा कर एंबुलेंस की व्यवस्था कर उनके पैतृक गांव भेजने का काम किया. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता इस मौके पर परिजनों को सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई एवं उन्हें घर तक पहुंचाने में एंबुलेंस की व्यवस्था भी कराया. इस आशय की जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोकं कुमार दूबे ने दी है.

