दिल्ली: पिछले 10 दिनों से आंदोलन कर रहे किसानों के प्रतिनिधिमंडल व केंद्र के बीच आज दोपहर दो बजे पांचवें दौर की बैठक होगी. इसके पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर इसी मुद्दे पर बातचीत के लिए अहम केंद्रीय मंत्रियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हो गई है. इसमें केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नरेंद्र सिंह तोमर और पीयूष गोयल शामिल हुए.
किसानों के आंदोलन को लेकर किसानों और केंद्र के बीच आज दोपहर दो बजे होने वाली पांचवें दौर की बैठक के पहले शीर्ष नेताओं की प्रधानमंत्री आवास पर बैठक संपन्न हो गई है.
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, ‘आज दोपहर दो बजे किसानों के साथ बैठक होगी. मैं काफी आशान्वित हूं कि किसान सकारात्मक सोचेंगे और अपना आंदोलन खत्म करेंगे.’ किसान संयुक्त मोर्चा के प्रधान रामपाल सिंह ने कहा, ‘आज आर-पार की लड़ाई करके आएंगे, रोज-रोज बैठक नहीं होगी. आज बैठक में कोई और बात नहीं होगी, कानूनों को रद्द करने के लिए ही बात होगी.’

