रांची: राज्य के वित्त, वाणिज्यकर और खाद्य-आपूर्ति मंत्री रामेश्वर उरांव ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया. प्रोजेक्ट भवन स्थित झारखंड मंत्रालय पहुंचने पर मंत्री रामेश्वर उरांव का वरीय अधिकारियों ने गुलदस्ता देकर स्वागत किया और औपचारिक परिचय के साथ ही आगामी कार्य योजना पर चर्चा की.
बाद में पत्रकारों से बातचीत में रामेश्वर उरांव ने कहा कि झारखंड में खाद्य सुरक्षा कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि भूख से कोई मौत न हो और हर जरूरतमंद परिवारों को अनाज उपलब्ध कराने की कोशिश होगी. रामेश्वर उरांव ने कहा कि राशन कार्ड की त्रुटियों को दूर किया जाएगा और सभी जरूरतमंद परिवारों तक राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने अपील की साधन संपन्न लोग राशन कार्ड से लाभ न लें और यदि करते है्ं, तो उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि राशनकार्डधारियों को नियमित रूप से अनाज उपलब्ध हो, इस दिशा में भी आवश्यक कदम उठाये जाएंगे, क्योंकि पूर्व क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्हें यह शिकायत मिलती थी कि समय पर उन्हें अनाज नहीं मिल पाता है और कम मात्रा में अनाज दिया जाता है.
वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने शनिवार को संसद में पेश होने वाले आम बजट को लेकर पूछे गये प्रश्न के उत्तर में उम्मीद जतायी कि सरकार आम बजट के माध्यम से आर्थिक मंत्री को दूर करने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, शिक्षा, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा कानून सुदृढ़ करने के लिए पर्याप्त कदम उठाये जाने की संभावना है.

