डीडीसी तथा डीआरडीए डायरेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मेदिनीनगर:- प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत प्रखंड प्रमुख उंटारी रोड के द्वारा शिकायत किया गया था कि ग्राम पंचायत मुरमा कला के लाभुकों से पद स्थापित प्रभारी पंचायत सचिव श्री विवेकानंद पटेल एवं तथाकथित बिचौलिया सुधीर कुमार पासवान द्वारा अवैध राशि की वसूली की जाती है. उप विकास आयुक्त श्री शेखर जमुआर ने मामले को संज्ञान में लेते हुए निदेशक डीआरडीए को जांच का जिम्मा दिया.
दिनांक 16 अक्टूबर 2020 को निदेशक डीआरडीए श्रीमती स्मिता टोप्पो द्वारा किए गए स्थल जांच के क्रम में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी, शिकायत कर्ता, प्रमुख एवं अन्य कर्मियों के बीच लाभुक सुरेश राम पिता- हरिहर राम, प्रमिला देवी- पति को उमेश राम , जयंत राम- पिता विश्वनाथ राम तथा निर्मला देवी पति- रामदास राम द्वारा लिखित बयान दिया गया कि प्रभारी पंचायत सचिव श्री विवेकानंद पटेल तथा सुधीर कुमार पासवान द्वारा अवैध राशि की वसूली की गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए उक्त कर्मी के कार्य के प्रति अनुशासनहीनता एवम लापरवाही को लेकर दोनों के विरुद्ध स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया. इस दौरान कार्यालय में संबंधित अभिलेख की मांग किए जाने पर प्रधान सहायक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए. इसके लिए प्रधान सहायक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया.

