बेतिया: बेतिया जिला अंतर्गत नरकटियागंज शिकारपुर थाना क्षेत्र के रोवांरी गांव में गुटखा खरीदने गए आधा दर्जन लोगों ने दुकानदार समेत उसकी मां को पिटकर घायल कर दिया है.
मामले में रोवांरी गांव निवासी सिंगारमति देवी ने शिकारपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई है. इसमें गांव के ही खोभारी राम, रामायण राम, मुन्ना राम, गणेश राम, दीपू राम व हरिकिशुन राम को आरोपित किया गया है.
एफआईआर में महिला ने बताया है कि गांव में उसकी पान की दुकान है. लाॅकडाउन की वजह से उसकी दुकान बंद है. आरोपित उसकी दुकान से गुटखा की मांग करते हुए दुकान खोलने को कहने लगे.
लाॅकडाउन का हवाला देते हुए मना करने पर आरोपित उसके साथ गाली गलौज करने लगे. जब महिला के पुत्र ने गाली देने से मना किया तो सभी आरोपित उससे मारपीट करने लगे. बचाने के दौरान आरोपितों ने महिला को भी पिटकर घायल कर दिया.
थानाध्यक्ष कृषण कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

