गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद स्थित एक फ्लैट में आग लगने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार के सेक्टर-11 की है. जीडीए की 10 मंजिला बिल्डिंग के पहले फ्लोर पर संदिग्ध हालात में आग लगने की सूचना के पर पुलिस और दमकल की टीम जब तक बिल्डिंग तक पहुंची, तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि आग लगने के वक्त तीनों टीवी देख रहे थे.
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. सीएफओ सुनील सिंह ने बताया कि हादसे में बच्चू सिंह (48), उनकी पत्नी रानी (45) और बच्चू सिंह के भाई नारायण सिंह (45) की मौत हो गई है. सीओ फर्स्ट धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है. जानकारी के अनुसार बच्चू सिंह अपने परिवार के साथ फ्लैट में रहते थे. उनके तीन बच्चे राखी, गुलशन और प्रथम भी हैं.
बच्चे नाटक मंडली में काम करते हैं और कुछ दिन से राजस्थान गए हैं. पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में पता लगा है कि घर में एक बेड पर तीनों टीवी देख रहे थे. बेड के नीचे हीटर चल रहा था. सीएफओ ने बताया कि मौके पर हीटर का केबल जला हुआ मिला है. आशंका है कि हीटर की वजह से आग लगी हो.

