रामगढ़ः रामगढ़ शहर के रांची रोड स्थित मारुति सुजुकी एरीना शो रूम हिंदुस्तान ऑटो एजेंसी में भीषण आग लग गई है. इससे लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है. घटना में शो रूम में चाय-खाना बनाने वाले एक कर्मी सुदीप कुमार बाल-बाल बच गए. शो रूम के पिछले हिस्से में प्रथम तले के कार्यालय में शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की घटना हुई है. उक्त कमरे में रखे सभी कंप्यूटर सेट, फर्नीचर व सारे कागजात जलकर पूरी तरह से नष्ट हो गया.
गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे कमरे के अंदर से आग की लपटें निकलने के बाद घटना की जानकारी हुई. सूचना पाकर रामगढ़ थाना पुलिस व दमकल की गाड़ियां शो रूम पहुंची और आग पर काबू पाया. शो रूम के ऊपरी तल्ले के एक कमरे में सो रहे एक कर्मी सुदीप ने बताया कि उसके कमरे में भी धुआं भर गया था. उसने किसी तरह से बाहर निकल कर अपनी जान बचाई. इधर आग लगने की घटना के बाद पूरे रांची रोड इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया था.

