बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में गुरूवार को प्रेमनगर क्षेत्र स्थित कृष्ण लीला शॉपिंग कॉम्लेक्स में भीषण आग लग जाने से करोड़ों रूपयों सामान जलकर राख हो गया.
उपजिलाधिकारी (सिटी) महेंद्र कुमार सिंह ने यहां बताया कि सुबह छह बजे के करीब प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित कृष्ण लीला शॉपिंग कॉम्लेक्स में भीषण आग लग गई. आग की सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
कृष्ण लीला शॉपिंग कॉम्लेक्स के ठीक बगल में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के कार्यालय भारत सेवा ट्रस्ट तथा आवास है. वह पूरी तरह सुरक्षित है. सुबह लोगों ने एक दुकान से धुंआ निकलते देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई. इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. जिसमें आर्ट एरिना गैलरी पूरी तरह राख हो गयी. आर्ट एरिना गैलरी में वेश कीमती मैटल की मूर्तियां और कोठियों पर सजाने का बहुमूल्य सामान का भंडार था. इसके मालिक संजय अग्रवाल ने बताया कि लगभग एक करोड़ रूपये का माल जल कर राख हो गया है.
बरेली के पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है. आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया, फ़िलहाल प्रथम दृष्टया बिजली के शार्ट सर्किट से आग लग सकती है.

