सीएमडी पी.एम. प्रसाद ने रजरप्पा क्षेत्र को सम्मानित किया
रांची: कोयला मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा सेन्ट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के रजरप्पा क्षेत्र को विशेषकर स्वच्छता माह में स्वच्छता हेतु उल्लेखनिय कार्यों के लिए ‘प्रथम पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया. इसी के अंतर्गत आज 04 जनवरी को सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस रांची स्थित ‘विचार मंच’ में ‘सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया.
समारोह में सीएमडी पी.एम. प्रसाद ने रजरप्पा क्षेत्र को कोयला मंत्रालय द्वारा प्रेषित स्वच्छता का ‘प्रथम पुरस्कार’ प्रदान किया, रजरप्पा क्षेत्र की ओर से महाप्रबंधक, आलोक कुमार एवं टीम ने यह पुरस्कार प्राप्त किया.
इस अवसर पर निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) भोला सिंह, निदेशक (कार्मिक) विनय रंजन एवं सीवीओ एस.के. सिन्हा ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए क्षेत्रों के सीएसआर के नोडल अधिकारियों को भी पुरस्कृत किया.
ज्ञातव्य हो कि रजरप्पा क्षेत्र द्वारा स्वच्छता माह में स्वच्छता संबंधी विभिन्न कार्यों जैसे कोरोना समय में अस्पतालों का पूर्ण सैनिटाइजेशन, आसपास के क्षेत्र में नालियों की सफाई, साथ ही झाड़ियों की कटाई, स्थानीय दुकानदारों के बीच कागज का कप एवं पेपर स्ट्रॉ का वितरण, सफाई कर्मियों के बीच ग्लब्स एवं फेस मास्क आदि का वितरण एवं सभी को इसका उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया.
सीएमडी पी.एम. प्रसाद ने रजरप्पा क्षेत्र द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्या की सराहना करते हुये उन्हें बधाई दी. प्रसाद ने कहा कि रजरप्पा टीम दूसरे क्षेत्रों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है और हम सभी और बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है.
निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) भोला सिंह ने कहा कि जिस तरह से रजरप्पा क्षेत्र अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है वह बधाई के पात्र हैं. हम सभी को जहॉ भी अवसर मिले, अवसर का लाभ उठाते हुये स्वच्छता संबंधी कार्य करना करना चाहिए.
निदेशक (कार्मिक) विनय रंजन ने रजरप्पा टीम को बधाई देते हुये कहा कि रजरप्पा क्षेत्र स्वच्छता के क्षेत्र में एक उदाहरण प्रस्तुत किया है. स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम पूरे सीसीएल में सतत जारी है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार की मुहिम ‘स्वच्छता ही सेवा’ के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता माह में सीएमडी पी.एम. प्रसाद के मार्ग निर्देशन में सीसीएल द्वारा अपने कार्यालयों, कॉलोनी एवं आसपास के स्थानों को स्वच्छ रखने हेतु अपने कर्मियों सहित आमजन में जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं.
अवसर विशेष पर सीसीएल मुख्यालय के विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं कर्मियों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुये समारोह में भाग लिया. स्वागत भाषण महाप्रबंधक (सीएसआर) ए.के. सिंह ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन मुख्य प्रबंधक (सीएसआर) एस.एस. लाल ने किया. मंच संचालन वरीय प्रबंधक (सीएसआर) संजय ने किया.

